Bihar
बिहार में रिकॉर्ड मतदान पर बोले प्रशांत किशोर : प्रवासी हैं ‘एक्स फैक्टर’
जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को दावा किया कि छठ पर्व के मौके पर बिहार आए और अभी तक अपने कार्यस्थलों पर नहीं गए राज्य के प्रवासी मतदाता विधानसभा चुनाव में ‘एक्स फैक्टर’ साबित हो सकते हैं। पूर्व चुनाव रणनीतिकार किशोर ने यह टिप्पणी पहले चरण के रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत मतदान के एक दिन बाद की। उनकी नवगठित पार्टी के बारे में विभिन्न सर्वेक्षणों और जनमतों में कहा जा रहा है कि उसने प्रवासियों को आकर्षित किया है। किशोर ने कहा, “स्वतंत्रता के बाद से अब तक का सबसे अधिक मतदान यह दर्शाता है कि हम जो कह रहे थे, वह सही है—बिहार में बदलाव की बहुत प्रबल इच्छा है, जहां लोग लगभग 30 वर्षों से राजनीतिक जड़ता में फंसे हुए हैं।” उन्होंने कहा कि लोगों को अब उनकी एक वर्ष पुरानी पार्टी में एक व्यवहार्य विकल्प की झलक दिख रही है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधते हुए जन सुराज पार्टी के संस्थापक ने कहा, “इन लोगों ने यह सोच लिया था कि कुछ योजनाएं और महिलाओं को थोड़ी मदद देकर वे जीत जाएंगे। हां, महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने निकलीं, लेकिन इस चुनाव में असली ‘एक्स फैक्टर’ प्रवासी हैं।” उन्होंने कहा, “छठ पर्व के लिए लौटे ये प्रवासी अब तक यहीं ठहरे हुए हैं और अपने परिवार के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। चुनाव के नतीजों में उनका प्रभाव देखने लायक होगा।
